जानसठ। कस्बे के मोहल्ला बुध बाजार में शनिवार को विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने पति, सास और तीन ननद पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
खतौली क्षेत्र के गांव अहमदगढ़ के मजरा फहीमपुर खुर्द निवासी बाबूराम ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी पुत्री मोनिका देवी की शादी तीन महीने पहले कस्बे के मोहल्ला बुध बाजार निवासी अजीत के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही अजीत व उसके परिवार वाले मोनिका देवी को अतिरिक्त दहेज के लिए परेशान कर रहे थे। वह लगभग दो लाख रुपये नकद भी दे चुका था। फिर भी मोनिका का मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जा रहा था।
शनिवार को उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनकी बेटी की जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या कर दी गई है। जब वह जानसठ पहुंचे तो उसकी ससुराल वालों ने बताया कि वह मोनिका को लेकर अस्पताल गए हैं। रविवार को उन्होंने बताया कि मोनिका की उपचार के दौरान मौत हो गई है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला के पिता बाबूराम की तहरीर पर पति अजीत, सास पाल्ली और ननद राधिका, दीपमाला और तीसरी बहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सीओ जानसठ ऋषिका सिंह का कहना है कि पति सहित ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।