बुढ़ाना। तहसील के सभागार में बडौदा गांव के किसानों को मिले मुआवजे के चैक। संवाद
बुढ़ाना। 23 वर्ष के लंबे इंतजार के बाद बड़ौदा गांव के 29 किसानों को उनकी जमीन के मुआवजे की पहली किस्त तीन करोड़ रुपये किसान के खाते में भेज दी गई। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र सिंह, एसडीएम अपूर्वा यादव, पूर्व विधायक उमेश मलिक और जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष ठाकुर रामनाथ सिंह ने किसानों को सांकेतिक चेक वितरित किए।
जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष ठाकुर रामनाथ सिंह व पूर्व विधायक उमेश मलिक ने बताया कि वर्ष 2000 व 2002 के बीच सिंचाई विभाग द्वारा भड़ल एवं मिलाना माइनर किसानों के खेतों की सिंचाई के लिए निकाले गए थे। उस समय बड़ौदा गांव में चकबंदी प्रक्रिया चल रही थी। चकबंदी प्रक्रिया होने के कारण किसानों को मुआवजा नहीं मिला था। किसानों की इस समस्या को गंभीरता के साथ उठाया। बड़ौदा गांव के 265 प्रभावित किसानों को 13 करोड़ रुपये की धनराशि देना स्वीकृत हुआ। इस धनराशि की पहली किस्त तीन करोड़ रुपये 29 किसानों के लिए प्राप्त हुई। जमीन के मुआवजे की धनराशि किसानों के खाते में भेज दी गई।
बृहस्पतिवार को तहसील के सभागार में किसान सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। सिंचाई विभाग के एक्सईएन विवेक कुमार, राजपाल सिंह, बाबूराम, रामवीर सिंह, आशीष, महेश, शिवकांत व रामनरेश आदि मौजूद रहे।।