गंगदासपुर में पेट्रोल पंप पर छापामारी करती खाद्य पूर्ति विभाग की टीम
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। तलहेड़ी पुलिस चौकी क्षेत्र के गंगदासपुर गांव में अवैध रुप से संचालित पेट्रोल पंप पर छापा मारकर खाद्य पूर्ति विभाग की टीम ने उसे सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान पंप पर कार्यरत कर्मचारी भाग गए। टीम ने पेट्रोल पंप से भारी मात्रा में पेट्रोल और डीजल बरामद किया है।
सोमवार को खाद्य पूर्ति विभाग की टीम को जानकारी मिली कि गंगदासपुर गांव में संचालित पेट्रोल पंप अवैध है और वहां डीजल पेट्रोल की कालाबाजारी की जा रही है। जिसके बाद क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सूर्य प्रकाश पाठक के नेतृत्व में टीम का गठन कर वहां छापा मारा गया । सूर्य प्रकाश पाठक ने बताया कि तलहेड़ी पुलिस चौकी से करीब तीन किमी दूरी पर स्थित गंगदासपुर में अवैध रुप से पेट्रोल पंप का संचालन किया जा रहा था। उन्होेंने बताया कि वहां पहुंचकर जांच की गई तो पाया कि पंप की कोई एनओसी और लाइसेंस नहीं है। स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी देते हुए कार्रवाई की गई। पेट्रोल पंप से डीजल और पेट्रोल के सैंपल लेने पर पता चला कि डीजल और पेट्रोल दोनों मिलावटी हैं। यहां से टीम ने करीब आठ सौ लीटर पेट्रोल और लगभग 775 लीटर डीजल बरामद किया।