प्रशासन ने 18 बीघा बंजर भूमि कब्जा मुक्त कराई
मुजफ्फरनगर। तहसील सदर के राजस्व अधिकारियों ने गांव नरा में कार्रवाई करते हुए ग्राम समाज की 18 बीघा जमीन को कब्जा मुक्त कराया है। इस जमीन को पौधरोपण को पांच के लिए वन विभाग के सुुपुर्द किया है।
तहसीलदार सदर जयेंद्र सिंह ने बताया कि तहसील क्षेत्र के गांव नरा में बंजर भूमि खसरा नंबर 710 रकबा नंबर 1.249 हेक्टेयर की करीब 18 बीघा बंजर जमीन है, जिस पर नरा निवासी ग्रामीण राकेश, प्रमोद पुत्रगण कुदरत सिंह ने कब्जा कर लिया था। इस पर फसल बो रखी थी, जिसकी जानकारी कुछ ग्रामीणों ने डीएम को दी। डीएम के निर्देश पर सोमवार को राजस्व अधिकारियों ने इस जमीन पर से अवैध कब्जा हटवाते हुए अपना कब्जा जमा लिया है। जमीन पर बो रखी फसल पर ट्रैक्टर चलवाकर जमीन कब्जे में ली गई। बाद में इस जमीन को पांच साल के लिए पौधरोपण को वन विभाग को सौंप दी है। इस दौरान नायब तहसीलदार कूकड़ा, राजस्व निरीक्षक शहर, लेखपाल लोकेश, विकास, बसंत, बाल किशोर आदि राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।