20 नामजद समेत 60 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई
देवबंद। समाजवादी पार्टी से टिकट होने की सूचना पाकर बिना अनुमति जश्न मना रहे पूर्व विधायक माविया अली के समर्थकों पर पुलिस ने महामारी अधिनियम व आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें 20 नामजद समेत 60 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
सपा हाईकमान द्वारा देवबंद विधानसभा सीट से पूर्व घोषित प्रत्याशी कार्तिकेय राणा का टिकट काटकर पूर्व विधायक माविया अली को प्रत्याशी बनाने की सूचना मिलने पर उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है। हालांकि पार्टी की ओर से कार्तिकेय का टिकट कटने और माविया अली के नाम पर मुहर लगने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। इसके बावजूद बुधवार रात्रि समर्थकों ने बिना अनुमति जश्न मनाया था। इसके चलते कोतवाली के एसआई अनुज कुमार की ओर से कोविड प्रोटोकॉल की अनदेखी किए जाने तथा आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में माविया के भाई सहित 20 नामजद व करीब 40 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सीओ दुर्गा प्रसाद का कहना है कि अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। जांच की जा रही है।