तालाब पर कब्जे की सूचना पर हरकत में आया प्रशासन
मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। कस्बे में तालाब पर कब्जा करने की सूचना मिलने पर अधिकारी शुक्रवार की रात में ही मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने मामले की जांच कर यथा स्थिति बनाए रखने की हिदायत दी।
कस्बे में पुरकाजी धमात मार्ग पर नगर पंचायत कार्यालय द्वारा पुराना खंडंजा तोड़कर नए खड़़ंजे का निर्माण कराया जा रहा है, जहां से निकलने वाली मिट्टी को मजदूर ट्रैक्टर ट्राली द्वारा सूली वाला तालाब के पास एक कब्रिस्तान में जाने वाले रास्ते पर डाल रहे हैं। शुक्रवार रात में मिट्टी डालने को लेकर मजदूरों का एक व्यक्ति से विवाद हो गया। इस पर उसने डीएम व एसडीएम सदर को तालाब पर कब्जा करने की सूचना देकर ट्रैक्टर ट्राली लाकर पुलिस को सौंप दिया। तालाब पर कब्जा करने की जानकारी मिलते ही एसडीएम सदर दीपक कुमार व सीओ सदर कुलदीप कुमार रात में ही मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच कर यथा स्थिति बनाए रखने की हिदायत दी। उधर, मजदूरों के साथ हुई घटना से आक्रोशित पंचायत कर्मियों ने थाने पहुंचकर मजदूरों को रिहा करने की मांग की, जिन्हें पुलिस ने लॉकडाउन का हवाला देकर वापस भेज दिया। उसके घंटों बाद पुलिस ने मजदूरों को छोड़ दिया। एसडीएम सदर दीपक कुमार ने बताया कि तालाब पर कब्जा करने की सूचना मिली थी। जिस पर मौके पर जाकर जांच कर यथास्थिति बनाए रखने की हिदायत दी गई है। उन्होंने बताया कि जहां मिट्टी डाली जा रही है। वह क्षेत्र नगर पंचायत की सीमा से बाहर है। वहां पर तालाब है या रास्ता है इसकी जांच कराई जा रही है। ईओ मनोज यादव ने बताया कि लेखपाल द्वारा बनाए गए नक्शे में रास्ता दर्शाया गया है। उसी रास्ते पर मजदूरों द्वारा मिट्टी डाली जा रही है। कुछ लोग बेवजह सरकारी कार्य में बाधा पैदा कर रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक सुभाष गौतम का कहना है कि मिट्टी डालने को लेकर पूर्व चेयरमैन पुत्र उस्मान का मजदूरों से विवाद हो गया था। जिसमें दो मजदूरों व ट्रैक्टर ट्राली को हिरासत में लिया गया था, जिन्हें छोड़ दिया गया है।