चरथावल(मुजफ्फरनगर)। गांव कसौली में रमजान के महीने में दूसरे वर्ग के तीन आरोपियों के खिलाफ मौसी और नाबालिग भांजे का धर्म परिवर्तन कराने का मामला प्रकाश में आया है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बघरा आश्रम के स्वामी यशवीर ने पुलिस प्रशासन की आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई के लिए पांच दिन का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने आरोप लगाया साजिश के तहत हिंदू धर्म के पंजाबी समाज की महिला को पहले धर्म परिवर्तन कराया गया।
इसके बाद उनके नाबालिग भांजे का धर्म परिवर्तन करा दिया गए। ईद की नमाज में उसे शामिल कराया गया। धर्म परिवर्तन कराने के बाद सोशल मीडिया पर किशोर का गोल टोपी पहने फोटो वायरल होने के बाद धर्म परिवर्तन की पुष्टि हो रही है। यह सनातन धर्म के लिए शर्मनाक है।
ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में ग्रामीणों ने धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में शामिल दूसरे वर्ग के तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। इस मुद्दे को लेकर शनिवार देर शाम दर्जनों ग्रामीण थाने पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी से आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की मांग की हैं।