मुजफ्फरनगर। खालापार थाना क्षेत्र के वहलना स्थित काव्या ट्रेडिंग पर मिलावटी सरसों के निर्माण और पैकिंग के मामले में आरोपी बनाए गए विक्रांत मित्तल की जमानत अर्जी मंजूर कर ली गई है। जिला जज बीरेंद्र कुमार सिंह ने सुनवाई की।
सहायक आयुक्त खाद्य सहारनपुर मंडल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ टीम ने वहलना में काव्य ट्रेडिंग कंपनी पर छापामारी की थी। कंपनी के मालिक/लाइसेंसी विक्रांत मित्तल उपस्थित मिले। मौके पर छह टैंकों से पैकिंग का कार्य चल रहा था।
जहां सरसों के तेल, रिफाइंड, राइस ब्रान ऑयल के लगभग 10 प्रकार के लेबल मिले एवं चार टैंकों में सरसों व रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल दो में सरसों व दो में राइस ब्रान ऑयल मिला था।
वादी का कहना था कि 200 टीन रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल भरे हुए, 144 बोतल एक लीटर, 264 लीटर रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल व एक खुले टीन में लगभग 10 लीटर रंगीन तरल मिश्रित घोल उपस्थित पाया गया। खाद्य तेलों की जांच कराई गई जिसमें सरसों के तेल में आरजीमोन एवं रंग की उपस्थित व रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल में कैस्टर ऑयल व रंग की उपस्थिति मिली।
आरोपी के खिलाफ खालापार थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। बचाव पक्ष की ओर से जमानत अर्जी दाखिल की गई। अदालत ने जमानत स्वीकृत कर ली है।