संवाद न्यूज एजेंसी
चरथावल। सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) पर हिंदू धर्म के प्रति भड़काऊ/आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने की पोस्ट साझा करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक युवक ने हिंदू धर्म के प्रति आपत्तिजनक पोस्ट साझा कर दी। युवक की पोस्ट के जवाब में आरोपी ने अपशब्दों का प्रयोग किया।
सोशल मीडिया प्लेटफार्म की निगरानी के कारण आला अधिकारियों के संज्ञान में विवादित पोस्ट आ गई। इसके बाद थाना पुलिस हरकत में आई। हिंडन चौकी प्रभारी की ओर से आईटी एक्ट, गंभीर धाराओं में मुकदमा कायम करने के बाद कार्रवाई शुरू की गई।
रविवार को जांच-पड़ताल के बाद थाना क्षेत्र के गांव न्यामू निवासी आजम त्यागी के रूप में आरोपी की पहचान हुई। टीम गठित करने के बाद आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने पूछताछ के बाद चालान कर दिया। सीओ सदर देवव्रत वाजपेई ने कहा कि आपसी सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखें। एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें। पुलिस सोशल मीडिया पर लगातार सतर्क निगरानी कर रही है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कोई भी भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक पोस्ट शेयर नहीं करने की अपील की।