सोमवार दोपहर छुटटी होने के बाद टाटा मैजिक गाड़ी में जागाहेड़ी निवासी चालक रविश अपने ही गांव निवासी छात्र वेदांश, अभिनव व आयुष तथा काजीखेड़ा निवासी अनंत व आयुष व अन्य पांच छात्रों को घर छोड़ने जा रहा था।
ग्रामीणों ने बताया कि चालक काजीखेड़ा के अंडरपास के पास सर्विस रोड से गाड़ी को ले जा रहा था। इसी दौरान सामने से नया गांव मंधेडा निवासी वीशू तोमर गन्ने से लटी ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर आ रहा था। जो तितावी चीनी मिल में गन्ने डालने जा रहा था। दोनों वाहनों में आमने सामने की टक्कर हो गई। इस दौरान ट्रैक्टर के दो हिस्से हो गए।
इस हादसे में टाटा मैजिक गाड़ी का चालक फंस गया। हादसे कोे देखकर राहगीरों ने टाटा मैजिक गाड़ी में फंसे चालक व घायल छात्रों को बाहर निकाला। पांच घायल छात्रों व बस चालक को पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। ट्रैक्टर चालक को घायल हालत में परिजन अस्पताल ले गए।
डॉक्टरों ने बताया कि चालक रविश व अनंत, वेदांशु, आयुष को रेफर किया गया है। अन्य दोनों छात्रों को उनके परिजन उपचार के बाद ले गए थे। बस को स्कूल संचालकों ने लगाया था। जिस पर वेतन पर चालक को रखा था। स्कूली वाहन में शिक्षिका करिश्मा व अन्य छात्र भी सवार थे। जिन्हें चोट नहीं आई थीं।
सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि घायल छात्र अभिनव की मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई है। दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है। अभी हादसे के बारे में तहरीर नहीं आई है। एआरटीओ प्रवर्तन सुशील मिश्रा ने बताया कि बस के बारे में जांच पड़ताल शुरू कर दी है।