सिसौली में भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत से भेंट करते आप सांसद संजय सिंह।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत से मिले आप सांसद संजय सिंह
सिसौली (मुजफ्फरनगर)। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के आवास पर रविवार को आम आदमी पार्टी के सांसद व यूपी प्रभारी संजय सिंह पहुंचे। उन्होंने भाकियू अध्यक्ष के साथ सौहार्दपूर्ण मुलाकात की।
आप सांसद संजय सिंह ने भाकियू अध्यक्ष से कहा कि संसद से लेकर सड़क तक किसानों का जो भी आंदोलन है, हम आपके साथ हैं। हम इस आंदोलन को मजबूती के साथ लड़ेंगे, जब तक तीन कानून वापस नहीं हो जाते, हमारी लड़ाई बदस्तूर जारी रहेगी। इस बीच उन्होंने चौधरी नरेश टिकैत से आग्रह किया कि वे सभी पार्टी को एक चिट्ठी लिखें, जिससे हम संसद सत्र में किसानों का पक्ष मजबूती के साथ रख सकें। उन्होंने हरियाणा के कृषि मंत्री के द्वारा दिए गए बयान की भी निंदा की। उन्होंने पीएम मोदी के बयान पर कहा कि आंदोलन जीवी महात्मा गांधी थे, सरदार वल्लभ भाई पटेल थे, भगत सिंह थे, अशफाकउल्ला खां थे, यहां तक कि यह संसद जो है, वह भी आंदोलन की ही देन है। ऐसे बयान पर प्रधानमंत्री को माफी मांगनी चाहिए। भाकियू अध्यक्ष और आप सांसद की मुलाकात के दौरान अनंगपाल, रणवीर, चौधरी वीरेंद्र, चौधरी यशपाल सिंह, अभिजीत, साहब सिंह आदि मौजूद रहे।