संवाद न्यूज एजेंसी
सिखेड़ा/जानसठ। गांव निराना की सिद्धेश्वरी पेपर मिल में रविवार रात काम करते समय पेपर रोल मंडल की मशीन की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। परिजनों व ग्रामीणों ने मजदूर की मौत को लेकर पेपर मिल में हंगामा किया। ग्रामीणों ने ठेकेदार के साथ मारपीट की। सिखेड़ा पुलिस ने समझा बुझाकर परिजनों व ग्रामीणों को शांत किया। इसके बाद मिल मालिक और गण्यमान्य लोगों की बैठक हुई, जिसमें मजदूर के परिजनों को 11 लाख रुपये मुआवजा धनराशि देने के आश्वासन पर समझौता हुआ। सिखेड़ा क्षेत्र के गांव निराना का रहने वाला नौमान (41) पुत्र इमरान पिछले कई सालों से गांव निराना के सामने स्थित पेपर मिल में मजदूरी करता था। रविवार रात मिल में काम करते समय पेपर रोल मंडल मशीन की चपेट में आने से मजदूर घायल हो गया। इस दौरान वहां मौजूद ठेकेदार जानसठ क्षेत्र के गांव सालारपुर निवासी शाहरुख मजदूर नौमान को लेकर मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल पहुंचा, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पेपर मिल स्टाफ की ओर से मृतक मजदूर के परिजनों को कॉल कर जानकारी दी। सोमवार सुबह मजदूर की मौत की खबर सुनकर परिजन, ग्रामीण पेपर मिल में पहुंचे। यहां पर उन्होंने मजदूर नौमान की हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया।
ग्रामीणों ने ठेकेदार शाहरुख के साथ मारपीट कर दी, जिसको लेकर जमकर हंगामा हुआ। सिखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को बामुश्किल समझा शांत किया। पेपर मिल मालिक दीपक बंसल और गांव निराना के ग्राम प्रधान अय्यूब अंसारी, सहकारी समिति के डायरेक्टर मरगूब आदि के बीच समझौता को लेकर बैठक हुई।