बुढ़ाना। बिराल गांव में एक ग्रामीण ने मानसिक उत्पीड़न के कारण जहर खाकर जान दे दी। परिजनों ने गांव की ही एक युवती पर ग्रामीण को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने युवती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग को लेकर हंगामा व प्रदर्शन किया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बिराल गांव निवासी राजीव (42) ने आत्महत्या की है। उसने सुसाइड नोट छोड़ा है। उसमें उसने लिखा है कि एक युवती ने उसे और उसके परिवार को गालियां दी हैं। इससे गांव में उसकी बहुत बदनामी हुई है। उसे बेवजह बदनाम किया जा रहा है।
वह किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं बचा। इसके चलते उसने यह कदम उठाया है। कोतवाली में पहुंचे ग्रामीणों ने जमकर हंगामा व प्रदर्शन किया। सीओ गजेंद्र पाल सिंह के कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि युवती से परेशान राजीव ने जहर का सेवन कर लिया था। मेरठ अस्पताल में उपचार के दौरान राजीव की मौत हो गई। सीओ ने बताया कि मृतक के भाई अजमेर व जंगबहादुर की तहरीर पर पुलिस ने युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।