शामली। कांधला-गढ़ीसखावत मार्ग पर मंगलवार की रात बदमाशों ने रोड होल्डअप कर कई घंटों तक ट्रक सवारों से लूटपाट की। बुढ़ाना और कांधला पुलिस सीमा विवाद में उलझने के चलते बदमाश वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए।
मंगलवार की रात बदमाशों ने कांधला-गढ़ीसखावत मार्ग पर गांव जोगिया खेड़ा के पास सड़क को पत्थरों से अवरुद्ध कर ट्रक सवारों और अन्य वाहन चालकों से लूटपाट की। बदमाशों ने रोड होल्डअप कर कई घंटों तक लूटपाट का खेल जारी रखा। इसी बीच कुछ ड्राईवरों ने शामली पुलिस कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दी। सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। कंट्रोल रूम द्वारा कांधला पुलिस को रोड होल्डअप की सूचना दी गई। सूचना पर सुबह करीब चार बजे कांधला पुलिस की गश्ती पार्टी मौके पर पहुंची, लेकिन कोई बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया। थानाध्यक्ष कांधला पंकज कुमार ने बताया कि बदमाशों ने जहां पर रोड होल्डअप किया था, वह क्षेत्र बुढ़ाना कोतवाली के अंदर में आता है। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम से मैसेज फ्लैश होने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।