शामली। कैराना विधानसभा उपचुनाव में बुधवार को हुए मतदान के बाद ईवीएम में बंद आठ प्रत्याशियों का भाग्य रविवार को खुलेगा। 14 टेबलों पर मतगणना के 20 चक्र होंगे। सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होगी। 10 बजे से रूझान मिलने शुरू हो जाएंगे और एक बजे तक परिणाम सामने आ जाएगा।
रविवार को शहर के भैंसवाल रोड स्थित मंडी स्थल पर मतगणना होगी। डीएम एनपी सिंह और सीडीओ वीके सिंह ने बताया कि मतगणना स्थल पर कुल 16 टेबिल लगाई जाएंगी, जिनमें से 14 टेबलों पर मतगणना कार्य चलेगा जबकि एक टेबल निर्वाचन अधिकारी और एक चुनाव आयोग के प्रेक्षक की होगी। मतगणना की प्रत्येक टेबल पर एक माइक्रोआब्जर्वर, एक मतगणना पर्यवेक्षक, एक सहायक और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की ड्यूटी रहेगी। मतगणना के 19 चक्र पूरे और 20 वां आंशिक होगा। सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। सीडीओ ने बताया कि मतगणना के रूझान 10 बजे से मिलने शुरू हो जाएंगे और करीब एक बजे तक परिणाम सामने आ जाएगा। डीएम एनपी सिंह ने बताया कि मतगणना स्थल से चक्रवार परिणाम की घोषणा निर्वाचन अधिकारी द्वारा की जाएगी। मतगणना केंद्र के अंदर केवल पास धारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। केंद्र के बाहर भीड़ जमा न हो, इसके लिए बैरियर लगाकर लोगों को रोक दिया जाएगा। मौके पर भारी पुलिस और पीएसी तैनात होगी।