मुजफ्फरनगर, 3 जुलाई। नरा बिजलीघर में बुधवार को खराबी आ गई है। जिसके चलते विद्युत आपूर्ति बुरी तरह से प्रभावित हो गई है। इसके अलावा मिमलाना रोड बिजलीघर का 33 केवीए का तार टूटने से कई घंटे बिजली आपूर्ति बंद रही।
नरा स्थित 220 केवीए बिजलीघर की मशीनरी में बुधवार दोपहर अचानक खराबी आ गई थी। जिसको ठीक करने में करीब दो घंटे का समय लगा। देर रात बिजलीघर में फिर से खराबी आ गई, लेकिन इस बार इंजीनियरों की पकड़ में फाल्ट नहीं आ सका। आपूर्ति चालू करते ही एकाएक ही जंफर उड़ रहे थे। महावीर चौक, शामली रोड के अलावा औद्योगिक क्षेत्र के बेगराजपुर और सुजडू चुंगी बिजलीघर बुरी तरह से प्रभावित हुए। बार-बार बिजली जाने के कारण नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खबर लिखे जाने तक खराबी सही नहीं हो पाई थी। उधर, मिमलाना रोड बिजलीघर का 33 केवीए का तार सुबह 8:45 मिनट पर टूट गया। जिसके चलते कई मोहल्लों से करीब चार घंटे बिजली गुल रही।