मुजफ्फरनगर। शहर से खालापार से लापता व्यापारी दंपति का उधार के महज 50 हजार रुपये हड़पने को बेरहमी से कत्ल कर दिया गया। शुक्रवार को संधावली रेलवे फाटक के पास मिले महिला के शव की शनिवार को शिनाख्त होने के बाद शक के आधार पर हिरासत में लिए गए युवक ने डबल मर्डर का सनसनीखेज खुलासा किया। उसी की निशानदेही पर रविवार को गांव सहावली के जंगल से लापता व्यापारी का भी शव बरामद कर लिया गया। घटना के खुलासे के बाद अब पुलिस फरार हत्यारोपियों की तलाश में जुट गई है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खालापार के मक्कीनगर निवासी मुजम्मिल उर्फ अब्बन कपड़ा व्यापारी था। आठ नवंबर की शाम वह पत्नी गौहर ताज उर्फ गुड़िया के साथ घर में लगाने को पत्थर देखने के लिए गया था, लेकिन इसके बाद दोनों लापता हो गए। नौ नवंबर को गांव संधावली स्थित रेलवे फाटक के पास महिला का शव मिला, जिसकी शिनाख्त शनिवार को लापता व्यापारी की पत्नी गुड़िया के रूप में हुई। पुलिस ने शक के आधार पर गांव सुजडू निवासी फरियाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो दंपति के कत्ल का सनसनीखेज खुलासा हुआ। उसकी निशानदेही पर व्यापारी का भी गर्दन कटा शव गांव सहावली के जंगल से बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार उधार के 50 हजार रुपये हड़पने को व्यापारी और उसकी पत्नी का कत्ल किया गया है। हत्याकांड के दो आरोपी गांव सुजडू निवासी अनीस और अफरोज फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। व्यापारी के भाई खालिद की तहरीर पर तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
बेहोश कर किया गया दंपति का कत्ल
मुजफ्फरनगर। पुलिस पूछताछ में हत्यारोपी फरियाद ने व्यापारी दंपति के कत्ल का खुलासा करते हुए बताया कि अब्बन के अफरोज पर 50 हजार रुपये उधार थे। अब्बन इन रुपयों का लगातार तकादा कर रहा था, जिससे बचने को व्यापारी की हत्या का प्लान बनाया गया। पूर्व नियोजित योजना के तहत नौ नवंबर को अफरोज ने अब्बन को फोन कर उधार के रुपयों के बदले अपनी निकट रिश्तेदार से पत्थर दिलाने की बात कहकर नया भोपा स्टैंड बुलाया। घर से चलते वक्त अब्बन की पत्नी गुड़िया भी उसके साथ हो ली। नया भोपा स्टैंड पहुंचकर अफरोज दंपति को कार में बैठाकर अपनी रिश्तेदार के घर गांव बहेड़ी ले गया, जहां उन्हें खाने में नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया गया। इसके बाद दोनों को गांव सहावली के जंगल में लाया गया, जहां पहले बेहोश अब्बन की उस्तरे से गर्दन रेत दी गई। इसके बाद गुड़िया को अर्द्धमूर्च्छित हालत में गांव संधावली स्थित रेलवे फाटक पर ले जाकर उसकी भी गर्दन काटकर शव रेलवे ट्रैक पर डाल दिया गया। हत्यारोपी के अनुसार अब्बन की हत्या का राज खुलने के डर से उन्हें उसकी पत्नी गुड़िया की भी हत्या करनी पड़ी। मृतक दंपति अपने पीछे छह साल की बेटी सुभाना और चार साल के बेटे आजान को छोड़ गए हैं।
‘दोहरे हत्याकांड के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी सहित उसके फरार साथियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’
संजीव कुमार वाजपेयी, सीओ सिटी