मोरना। खेत में सिंचाई करने गए एक छात्र की हाई वोल्टेज करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। छात्र की मौत से गुस्साये ग्रामीणों ने घंटो हंगामा किया। ग्रामीण घटना के लिए जिम्मेदारी किसान के विरुद्घ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस के आश्वासन के बाद ही ग्रामीण शांत हुए।
ककरौली थाना क्षेत्र के भुवापुर निवासी 18 वर्षीय अनिल पुत्र स्वर्गीय महकार सिंह आर्य इंटर कालेज सिंकदर पुर-गड़वाड़ा में कक्षा 12 में पढ़ता था। उसने सरदार पाल्ला सिंह के खेत को हिस्से पर सब्जी उगाने के लिए लिया हुआ था। फसल को जंगली जानवरों और चोरों से बचाने के लिए खेत के चारों ओर लोेहे के तारों से घेराबंदी की गई थी। जिसमें करंट छोड़ दिया जाता था। अनिल शुक्रवार तड़के फसल को पानी देने के लिए खेत पर पहुंचा और अचानक इन तारों की चपेट में आ गया, जिसमें किसान द्वारा हाईवोल्ट करंट छोड़ा गया था। कंरट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। किसी तरह ककरौली पुलिस ने लोगाें को समझा-बुझाकर शांत किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
*