जिले में 94 और मरीज कोरोना संक्रमित
मुजफ्फरनगर। जनपद में शनिवार को कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई। पिछले 24 घंटे में जिले में 94 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। वहीं, 42 मरीज ठीक भी हुए। इसके साथ ही जिले में एक्टिव कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा भी बढ़कर 588 हो गया है।
सीएमओ डॉ प्रवीण कुमार चोपड़ा ने बताया कि जनपद में शनिवार को 1923 लोगों की कोरोना जांच की सैंपल रिपोर्ट आई है। इनमें 94 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें सबसे अधिक एक बार फिर जिला कारागार में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई। यहां के कुल 30 नए बंदी जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं। इस सभी नए मरीजों को बेगराजपुर स्थित मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएमओ ने बताया कि पिछले 24 घंटे में कुल 42 कोरोना मरीज ठीक हुए हैं, जिन्हें जरूरी दिशा-निर्देश देकर डिस्चार्ज कर दिया गया है। इसके साथ ही जिले में एक्टिव कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या भी बढ़कर 588 हो गई है। सीएमओ ने बताया कि जिले में अब तक कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 5,240 तक जा पहुंची है, जिनमें से 4,578 मरीज ठीक भी हो चुके हैं। वहीं, अब तक कोरोना से जिले में 80 लोगों की मौत भी हो चुकी है। सीएमओ ने कहा कि एहतियात के तौर पर सभी कदम उठाए जा रहे हैं। लोगों को भी जागरूक होकर नियमों का पालन करना चाहिए। सतर्कता के साथ ही लोग कोरोना से अपना बचाव कर सकते हैं।