लोकतंत्र की रक्षा को जरूर करें मतदान
मुजफ्फरनगर। पिछले विधानसभा चुनाव में कम मतदान प्रतिशत वाले पोलिंग बूथों पर मतदाताओं को जागरूकता के लिए अभियान शुरू किया गया है। नगर में 19 बूथों पर 50 प्रतिशत से कम मतदान हुआ था। इन पर मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग का अमला लगा है। सोमवार को इस्लामिया इंटर कॉलेज और जैनबिया गर्ल्स इंटर कॉलेज में मतदाता जागरूकता अभियान चलाकर लोकतंत्र की रक्षा के लिए अनिवार्य रूप से मतदान करने का आह्वान किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभा चुनाव में 50 प्रतिशत से कम मतदान वाले नगर के 19 पोलिंग बूथों को चिह्नित किया है। बूथ स्तर पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को बीएसए योगेश कुमार शर्मा, नगर शिक्षा अधिकारी सविता डबराल सहित स्वीप कंट्रोल रूम की टीम ने प्राइमरी सेक्शन इस्लामिया इंटर कॉलेज के पूर्वी कमरा नंबर में मतदाताओं को जागरूक किया। इस बूथ पर गत विधानसभा चुनाव में 47.78 प्रतिशत वोट पड़े थे। बाद में संबंधित क्षेत्र में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। इसके अतिरिक्त जैनबिया गर्ल्स इंटर कॉलेज के कमरा नंबर चार में बने बूथ पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजन किया गया। इस बूथ पर 40.69 प्रतिशत मतदान हुआ था। कालेज की प्रधानाचार्या बिंते हसन जैदी ने बताया कि कालेज में बूथ अवेयरनेस ग्रुप का गठन किया गया है। इसके सहयोग से बूथ से संबंधित अधिकतर मतदाताओं को कार्यक्रम में बुलाया गया। बीएसए अधिकारी योगेश कुमार शर्मा ने कहा कि पिछली बार वोटिंग करने का जो कलंक इस क्षेत्रवासियों पर लगा है, वह इस बार हटाना है। इस बूथ को अधिकतम वोटिंग वाला बूथ बनाना है। मतदाताओं को मतदान करने की शपथ दिलाई गई। नगर शिक्षा अधिकारी सविता डबराल ने अपने आसपास के वोटरों को भी जागरूक करने की बात कही। कार्यक्रम में डीसी अनिलदत्त शर्मा, राशिद अली अंसारी, सरफराज आलम, साकिब निसार, अली फातिमा, नदीम, मनोज कुमार, देवेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।