खतौली (मुजफ्फरनगर)। छत पर पतंग उड़ाते समय बंदरों के हमलों से डरकर दो बालक छत से नीचे गिर गए। एक बालक की मेरठ अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। हादसे से परिवार में कोहराम मचा है।
मोहल्ला इस्लामनगर बुढ़ाना रोड निवासी आसिफ का पुत्र शादान (8) और मोहम्मद अली का पुत्र फुरकान (12) बृहस्पतिवार की शाम छत पर पतंग उड़ा रहे थे। इस दौरान बंदरों का झुंड छत पर आ गया। बंदर हमला करने को बालकों की ओर झपटे। इससे डरकर दोनों बालक भागने लगे और अचानक छत से नीचे खाली प्लाट में जा गिरे। इसमें दोनों गंभीर घायल हो गए। परिवार के लोग आनन फानन में घायल बालकों को मेरठ ले गए और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बृहस्पतिवार रात उपचार के दौरान शादान की मौत हो गई। शुक्रवार को परिजनों ने गमगीन माहौल में बालक के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। परिजनों ने बताया कि फुरकान की भी हालत नाजुक है, उसका मेरठ में उपचार चल रहा है। इस घटना को लेेकर मोहल्ले के लोगों मेें गहरा शोक है। मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन व नगर पालिका प्रशासन से बंदरों को पकड़वाने की मांग की है।