भाकियू ने क्षतिग्रस्त पुलियों के निर्माण की मांग की
मोरना। भोकरहेड़ी, बसेड़ा व अथाई मार्ग पर टूटी हुई पुलियों के कारण राहगीर गिरकर घायल हो रहे हैं। भाकियू ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर पुलियों के शीघ्र निर्माण की मांग की।
नगर पंचायत भोकरहेड़ी के भाकियू नगर अध्यक्ष उदयवीर सिंह व उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार के नेतृत्व में नागरिकों ने मोहल्ला नेहरु चौक के भोकरहेड़ी, बसेड़ा मार्ग पर आंशिक जाम लगाते हुए लोक निर्माण विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। भाकियू नेताओं ने बताया कि भोकरहेड़ी, बसेड़ा मार्ग व अथाई मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन से पुलिया टूट गई है। नतीजतन प्रतिदिन बाइक सवार पुलियों में हो रहे गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं। सोमवार को बाइक सवार युवकों के गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें दिल्ली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, गन्ना पेराई सत्र आरंभ होने से किसानों के भैंसा बुग्गी को गुजरने में भी परेशानी आ रही है। भाकियू ने लोक निर्माण विभाग से शीघ्र पुलियों के निर्माण की मांग की। इस दौरान दीपक सभासद, राहुल टाटा, फोंदी, रामकुमार, नीटू, तरुण, बालेंद्र, बॉबी, संजीव, रुपक, अनुराग, सुनील, नितिन, बिरसपाल, प्रदीप, अनिल, सचिन, ब्रजवीर, धनवीर, भूपेंद्र लंबरदार आदि मौजूद रहे।