मुजफ्फरनगर। एमजी वर्ल्ड विजन स्कूल में रंगों और मस्ती के त्योहार होली की धूम नजर आई। बच्चों ने हर्षोल्लास के साथ स्कूल प्रांगण में एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली का पर्व मनाया।
होली में मिलजुलकर सारे, घृणा-द्वेष को दूर करो, तन मन में समरसता घोलो, अमन चैन के रंग भरो के प्रेरक संदेश के साथ होली मनाई। स्कूल में छात्र-छात्राओं ने होली पर्व बड़े ही उत्साह के बीच मनाया। स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ मृणालिनी अनंत और अध्यापिकाओं ने छात्र छात्राओं के साथ बड़े प्रेम एवं उत्साह से होली खेली। छात्र-छात्राएं राधा-कृष्ण के आकर्षक वस्त्रों से सजे हुए वास्तविक राधा और माखन चोर कृष्ण ही प्रतीत हो रहे थे। प्रधानाचार्या डॉ मृणालिनी अनंत ने कहा कि आज अद्भुत संयोग है। होली के पर्व पर सभी को द्वेष-भाव भूलकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में यह विशेष पर्व प्रेेमभाव से मनाना चाहिए। सभी छात्र-छात्राओं ने रंगों से सराबोर होकर, प्रसन्नता व हर्ष से इसमें अपना योगदान दिया। एमजी वर्ल्ड विजन की प्रबंधन समिति के चेयरमैन सतीश चंद गोयल, सचिव सुरेंद्र कुमार सिंधी, डायरेक्टर जीबी पांडे ने होली के अवसर पर छात्रों को आशीर्वचन दिए।