सड़क हादसे में ग्रामीण की मौत
बुढ़ाना। कोतवाली क्षेत्र के गांव बिटावदा निवासी हारूण (32) पुत्र अख्तर गांव में सब्जी विक्रेता था। हारूण रोजाना बुढ़ाना सब्जी मंडी से अपने रेहडे में सब्जी लेकर आता है। मंगलवार को वह सुबह करीब पांच बजे रेहड़ा लेकर सब्जी लेने के लिए बुढ़ाना आ रहा था। मेरठ-करनाल हाइवे पर बिटावदा गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिवार वाले घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हाइवे पर जाम लगा दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाते हुए जाम खुलवा दिया। पंचनामा भरने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की रिपोर्ट मृतक के भाई गुलजार ने कोतवाली में अज्ञात में दर्ज कराई है।
भंडूर पुलिस चौकी पर भंडारा किया
सिखेड़ा। पुलिस ने भंडूर चौकी पर भीषण गर्मी से नगरवासियों को राहत देने को लेकर ईश्वर से प्रार्थना की। वहीं, भंडारा कर राहगीरों को कढ़ी-चावल का प्रसाद वितरित किया गया। छबील लगाकर आने जाने वाले राहगीरों को मीठा शरबत पिलाया। भंडूर चौकी इंचार्ज रणवीर सिंह ने बताया उनके कार्यकाल में चौकी पर भंडारे का आयोजन तीसरी बार हो रहा है। इस दौरान एसओ सिखेड़ा जितेंद्र सिंह व गिरीश चंद, महेश कुमार, चंद्रपाल, कांस्टेबिल हस्मुद्दीन, रविंद्र आदि पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।