सड़कों का सच सामने आने से हड़कंप
मुजफ्फरनगर। अफसरों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कितना खौफ है इसकी बानगी लोक निर्माण विभाग में देखने को मिलती है। गड्ढामुक्त सड़कों का सच मीडिया में सुर्खियां बनते ही नोडल अधिकारी छुट्टी पर चले गए हैं। अफसरों के दावों और वास्तविकता में धरती-आसमान का अंतर दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 जून तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने की घोषणा की थी। जिले में भी अलग-अलग विभागों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। इन सभी विभागों का नोडल अफसर लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के एक्सईएन धर्मप्रकाश को बनाया गया। धर्मप्रकाश दूसरे विभागों की मॉनिटरिंग क्या करते, वह अपने विभाग का काम भी पूरा नहीं करा पाए। यह दावा कर रहे हैं कि 80 प्रतिशत काम पूरे हो गए हैं, लेकिन सच्चाई इसके विपरीत है। अफसरों ने मुख्यमंत्री के दावों की किरकिरी करा दी है। सच्चाई उजागर हुई तो नोडल अफसर छुट्टी लेकर चले गए। शुक्रवार और शनिवार का उन्होंने अवकाश लिया और साथ में लिख दिया कि रविवार का अवकाश है। अब वह तीन दिन बाद ही ऑफिस आएंगे।