जानसठ। तहसील में ई-पंजीकरण व्यवस्था के विरोध में अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों, स्टांप विक्रेताओं और टाइपिस्टों की तहसील में उप निबंधक कार्यालय की अनिश्चित कालीन हड़ताल समाप्त होने के बाद बुधवार को एक दिन में 90 बैनामों की रजिस्ट्री हुई। जिससे सरकार को लगभग 60 लाख रुपयों का राजस्व फायदा पहुंचा है।
ई-पंजीकरण व्यवस्था के विरोध में पिछले 15 दिनों से अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों, स्टांप विक्रेताओं और टाइपिस्टों की अनिश्चितकालीन हड़ताल चल रही थी। मंगलवार की शाम को हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी गई थी।
बुधवार को हड़ताल समाप्त होने पर तहसील जानसठ के उप निबंधक कार्यालय में अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों ने 90 रजिस्ट्री करवाई। दस्तावेज लेखक एसोसिएशन के पूर्व वरिष्ठ पदाधिकारी सुशील कुमार चौधरी ने बताया कि सरकार ने उनकी मांग स्वीकार कर ली है। शासनादेश भी निरस्त कर दिया गया है।
तहसील जानसठ के उपनिबंधक कार्यालय में हड़ताल समाप्त होने के बाद बुधवार को 90 रजिस्ट्री करवाई गई। जिससे सरकार को लगभग 60 लाख रुपये का राजस्व फायदा हुआ है। - राजाराम, रजिस्ट्रार, उप निबंधक कार्यालय जानसठ।