अपने घर जाने की इंतजार में खडे बिहार के प्रवासी मजदूर
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
833 प्रवासी श्रमिकों को जिले से भेजा गया
मुजफ्फरनगर। मंगलवार को भी प्रवासी श्रमिकों के मुजफ्फरनगर आने और यहां रह रहे श्रमिकों के अपने जिलों को जाने का सिलसिला जारी रहा। 833 श्रमिकों को बसों से बिहार और पूर्वांचल के जनपदों में भेजा गया, जबकि विभिन्न प्रदेशों से आए 665 मजदूरों को क्वारंटीन सेंटरों में भेजा गया है।
मंगलवार को सुबह विभिन्न प्रदेशों एवं पूर्वांचल के जिलों से आए श्रमिक रोडवेज बसों से बस स्टैंड पर लाए गए। इनकी थर्मल स्क्रीनिंग करने के साथ ही पूरा रिकार्ड तैयार किया गया। इसके बाद उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में बनाए गए क्वारंटीन सेंटरों में भेज दिया गया। सूचना विभाग के मुताबिक रोडवेज बसों से 833 श्रमिकों को भेजा गया। इनमें बिहार के 242 तथा पूर्वांचल के जनपदों के 591 श्रमिक शामिल हैं। 30 बसों से इन्हें इनके गृह जनपदों को भेजा गया है।
छपार में दूसरे प्रदेशों से आए 54 प्रवासी मजदूरों को पुलिस ने बरला व छपार में क्वारंटीन किया है। सोमवार की रात्रि पंजाब, हरियाणा व उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए 27 मजदूरों को छपार सेंटर और बंगलूरू से मंगलवार को आए बसेड़ा के अन्य 27 मजदूरों को बरला में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में भेजा गया है।