तितावी (मुजफ्फरनगर)। आईपीएल शुगर मिल के पास रोडवेज बस की चपेट में आकर बाइक सवार युवक-युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां युवक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी बस चालक को हिरासत में ले लिया है।
बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव लुहसाना निवासी नीटू (24) पुत्र कल्लू शुक्रवार की सुबह शामली के गांव उस्मानपुर निवासी रिश्तेदार अलकेश पुत्री बाबूराम के साथ बाइक से मुजफ्फरनगर जा रहा था। शामली रोड पर तितावी के पास शुगर मिल के सामने एक वाहन को ओवरटेक करते हुए सामने से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार युवक-युवती सड़क पर गिरे तो बस ने उन्हें कुचल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नीटू को मृत घोषित कर दिया, जबकि अलकेश को गंभीर हालत के चलते मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस ने हादसे के आरोपी बस चालक विक्रम सिंह निवासी जसोई को हिरासत में लेते हुए पीड़ित परिजनों को हादसे की सूचना दी। इसकी सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। पीड़ित परिजनों ने आरोपी बस चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।