बुढ़ाना। बुढ़ाना विधानसभा सीट पर सभी स्थानों पर चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। बुढ़ाना विधानसभा में मुस्लिम व दलित इलाकों में हैंडपंप ज्यादा चलता दिखाई दिया। अब मतदान होने पर दोनों प्रत्याशियों के कार्यकर्ता व वोटर पूरा दिन गुणा भाग में लगे रहे।
बुढ़ाना विधानसभा में कुल 3 लाख 70 हजार 939 मतदाताओं में से दो लाख 54 हजार 723 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। विधानसभा में 68.35 प्रतिशत मतदान हुआ। यह विधानसभा में मुस्लिम व दलित बाहुल्य होने के कारण चुनाव परिणाम में अहम साबित होगी। मुस्लिम मतदाताओं का मतदान प्रतिशत हिंदु मतदाताओं की अपेक्षा में कुछ अधिक रहा। मुस्लिम बाहुल्य गांव जौला में 77 प्रतिशत, विज्ञाना गांव में 72 प्रतिशत, मंदवाड़ा में 79 प्रतिशत, दभेड़ी में 80 प्रतिशत, रियावली नंगला में 76 प्रतिशत व जोगियाखेड़ा गांव में 88 प्रतिशत मतदान हुआ । चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद दोनों प्रत्याशियों के समर्थक गुणा भाग में लगे हुए है। गांवों में हुक्का चौपाल लगी है। शहर में दुकानदार जगह-जगह एकत्र होकर एक-दूसरे से पूछताछ में लगे रहें। तहसील मुख्यालय पर अधिवक्ताओं की अलग-अलग मंडली, दस्तावेज लेखकों की अलग मंडली तथा टाईपिस्टों की अलग मंडली लगी हुई दिखाई दी। सभी गुणा भाग में लगे रहे। कुछ लोग पुराने लोकसभा व विधानसभा के आंकडें पेेश करते तो कुछ जातिगत आधार पर वोटों को बांटकर गुणा भाग में लगे रहे।