ट्रेन की चपेट में आकर एक व्यक्ति कटा
मंसूरपुर। बेगराजपुर पुलिस चौकी प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि बुधवार की रात 10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि घासीपुरा रेलवे फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव की पहचान कराने की कोशिश की। शव की शनाख्त नहीं हो सकी।
बदमाशों के विरुद्ध लूट का मामला दर्ज
मंसूरपुर। सिखेड़ा क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी अजीत पुत्र सूरजमल ने मंसूरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसका छोटा भाई प्रदीप मुजफ्फरनगर में टाइल्स लगाने का कार्य करता है। प्रतिदिन की तरह वह मुजफ्फरनगर से कार्य करने के बाद बुधवार की देर रात को अपनी बाइक से गांव लौट रहा था। रास्ते में दो बदमाशों ने बाइक पर पीछा किया। बदमाशों ने गांव के पास उसकी बाइक को रुकवा कर उसके साथ मारपीट करने लगे। एक बदमाश ने प्रदीप पर तमंचे से गोली चला दी। गोली प्रदीप के सिर से रगड़ खाती हुई निकल गई। बदमाश प्रदीप से आठ हजार रुपए की नगदी, बाइक व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। घायल प्रदीप को मेडिकल में भर्ती कराया गया है।