मुजफ्फरनगर। भारतीय स्टेट बैंक के महाप्रबंधक नेटवर्क दिल्ली मंडल के अजय खन्ना ने कहा कि उपभोक्ताओं को उत्तम सेवा देना ही बैंक का ध्येय है। खन्ना ने यहां नवीन मंडी में एसबीआई की नई ब्रांच का लोकार्पण किया।
लोकार्पण के अवसर पर अजय खन्ना ने व्यापारियों से सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि नवीन मंडी में ब्रांच व्यापारियों के हितों और आसपास की जनता के लाभ के लिए खोली गई है। इस ब्रांच के खुलने से व्यापारियों को अपना पैसा लेकर अब मंडी से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। एसबीआई का पूरे देश में यह प्रयास है कि वह सेवा में नंबर वन रहे। जनता का हमारे में विश्वास है। हम उस विश्वास को बरकरार रखने का काम करेंगे। व्यापारियों ने बैंक से जो आशाएं की हैं, उन पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर दि गुड़ खांडसारी एसोसिएशन ने गुड़ भंडारण में अन्य बैंकों की तरह व्यापारियों को आर्थिक मदद देने की मांग रखी। एसोसिएशन के मंत्री श्याम सिंह सैनी, हरिशंकर मूंधडा, मनीष चौधरी, राजेश गोयल, श्याम सुंदर, सुरेंद्र कुमार, कृष्णचंद मूंधडा, दिनेश, अमरीश, महेश चौहान, सुरेशचंद आदि व्यापारी शामिल रहे। कार्यक्रम में एसबीआई के रीजनल मैनेजर अरुण श्रीवास्तव, मुख्य प्रबंधक दिग्विजय शर्मा, सहायक महाप्रबंधक अनिल शर्मा, शाखा प्रबंधक श्रवण कुमार झा आदि मौजूद रहे।