किशोरी हत्याकांड का शीघ्र खुलासा होगा
खतौली (मुजफ्फरनगर)। गांव रसलूपुर के जंगल में हत्यारों ने किशोरी की गला घोंटकर हत्या कर डाली और शव को गन्ने की पत्ती में छुपा दिया था। पुलिस को जांच पड़ताल में हत्यारों तक पहुंचने के लिए क्लू हाथ लगा है। उसी के आधार पर पुलिस हत्यारों को शीघ्र पकड़ कर किशोरी हत्याकांड का खुलासा कर देगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मृतका के साथ रेप होने की पुष्टि हो सकेगी। अभी तक पुलिस को पीएम रिपोर्ट नहीं मिली है।
गांव तुलसीपुर निवासी किसान सौवीर के गांव रसूलपुर के खेत में बुधवार की सुबह किशोरी का शव मिला था। हत्यारों ने मृतका के गले में उसकी चुनरी से ही गला घोंटकर हत्या की थी। हत्यारे शव को छुपाने के लिए खेत में गन्ने की पत्ती में ढ़क कर चले गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पुलिस ने बताया कि किशोरी की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस को हत्यारों तक पहुंचने के लिए क्लू हाथ लगा है। जिसके आधार पर पुलिस जांच पड़ताल मेें जुट गई है। इंस्पेक्टर पीपी सिंह ने बताया कि हत्याकांड का शीघ्र खुलासा कर दिया जाएगा और शव की भी पहचान हो जाएगी। उन्होंने बताया कि अभी तक उनको पीएम रिपोर्ट नहीं मिली है। पीएम रिपोर्ट आने पर ही किशोरी के साथ रेप होने की पुष्टि का पता चल सकेगा।