गुरु समनदास की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली
मोरना। शुक्रताल में फिरोजपुर मार्ग पर स्थित संत शिरोमणि सतगुरु रविदास जी महाराज आश्रम में ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर वार्षिक सत्संग का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सतगुरु समनदास महाराज की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ स्वामी हरिदास समाधि मंदिर से किया गया। शोभायात्रा में धार्मिक झांकियां तथा बैंडबाजों के अलावा प्राचीन लोक नृत्य कलाकारों की सुंदर प्रस्तुति का आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा स्वामी कल्याणदेव चौक, शुकदेव आश्रम, हनुमत धाम, गणेश धाम, अंबेडकर चौक, पंजाबी कॉलोनी, गायत्री धाम तथा मुख्य गंगा घाट आदि स्थानों से होती गंतव्य पर पहुंच कर पूर्ण हुई। शोभायात्रा का अनेक स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। भंडारे का प्रसाद श्रद्धालुओं के बीच वितरण किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी पुलिस बल तैनात रहा। वहीं भीम आर्मी के आयोजन को लेकर खुफिया विभाग ने एक सप्ताह से नगर में डेरा जमाए रखा है।
महाभारतकालीन भागवत उद्गम स्थली के रूप में प्रसिद्ध तीर्थनगरी शुक्रताल में प्रत्येक वर्ष की भांति ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर वार्षिक सत्संग का आयोजन किया गया। बृहस्पतिवार की सुबह से दूरदराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु भारी संख्या में शुक्रताल पहुंचना आरंभ हो गए थे। स्वामी हरिदास महाराज के समाधि मंदिर आश्रम पहुंचे। स्वामी समनदास जी महाराज का जयकारों के बीच आश्रम व्यवस्थापक स्वामी गोरधनदास महाराज, स्वामी सोमदास महाराज, गुरु सत्यानंद महाराज, कर्मदास महाराज, सचिव भारत सेवाचरण, दलित नेता संजय रवि आदि ने स्वागत सत्कार किया और श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ दान दक्षिणा दिया। सत्संग में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर महान संत का आशीर्वाद प्राप्त किया। शुक्रवार को विशाल लंगर का आयोजन किया जाएगा।
भीम आर्मी को लेकर पुलिस रही सतर्क
सीओ भोपा अकील अहमद, भोपा थानाध्यक्ष विजय सिंह, चौकी इंचार्ज जितेंद्र यादव के साथ सैकड़ों पुलिसकर्मी सुरक्षा के लिए तैनात थे। वहीं, ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेले के दौरान भीम आर्मी के द्वारा बांटे गए रथेड़ी आयोजन व चंदा इकट्ठा करने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने खुफिया विभाग की टीम को शुक्रताल में विगत एक सप्ताह से तैनात कर रखा था, जिसको लेकर वाकी टॉकी और फोन पर आला अधिकारी इस आयोजन की हर गतिविधियों की जानकारी लेकर एक दूसरे से संपर्क बनाए हुए थे।