छपार। कस्बे के किराना के थोक व्यापारी के एसबीआई स्थित बैंक खाते से अज्ञात व्यक्तियों ने 75 हजार रुपये साफ कर दिए। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
कस्बा निवासी राजकुमार गर्ग का कस्बे में ही मेन रोड पर किराना की थोक विक्रेता शॉप है। व्यापारी का खाता कस्बा स्थित एसबीआई शाखा में है। बताया कि उसके मोबाइल पर रविवार सुबह करीब दस बजे एक अज्ञात व्यक्ति की कॉल आई। कॉल रिसीव करने पर दूसरी ओर से बोल रहे व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया। कहा कि उनके बैंक खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। कथित बैंक कर्मी ने राजकुमार से उनका एटीएम कार्ड ब्लॉक करने के लिए पासवर्ड दिए जाने के लिए कहा, लेकिन ऑनलाइन ठगी को ध्यान में रखते हुए व्यापारी ने उसे पासवर्ड नहीं बताया। इसके बाद पीड़ित व्यापारी एटीएम पहुंचा, जहां उसके बैंक खाते से पहले 50 हजार और फिर 25 हजार रुपये निकाल लिए जाने की जानकारी मिली। खाते से 75 हजार रुपये गायब देख पीड़ित के होश उड़ गए। पीड़ित व्यापारी ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।