दूसरे चरण में चुनाव के लिए जिले से रवाना हुए होमगार्ड
मुजफ्फरनगर। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के लिए जिले से फोर्स की रवानगी शुरू हो गई है। शनिवार को जनपद से होमगार्ड व पीआरडी के जवानों को मतदान कराने के लिए भेजा गया, जबकि शेष फोर्स को सोमवार को जिले से रवाना कर दिया जाएगा।
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 18 अप्रैल को होना है। जिले में प्रथम चरण का मतदान संपन्न होने के साथ ही सीआरपीएफ, आईटीबीपी समेत अन्य पैरामिलिट्री फोर्स को रिलीव कर दिया गया है। वहीं, शनिवार को जिले से होमगार्ड व पीआरडी जवानों को दूसरे चरण के मतदान के लिए उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। शनिवार व रविवार को श्रीरामनवमी, आंबेडकर जयंती व बैसाखी पर्व होने के मद्देनजर स्थानीय अफसरों द्वारा इंस्पेक्टर, दरोगा व आरक्षियों की रवानगी को दो दिन के लिए रोक दिया गया था। उक्त त्योहार संपन्न होने के बाद सोमवार को जिले में रोके गए उक्त सभी पुलिसकर्मियों को भी दूसरे चरण के मतदान के लिए रवाना कर दिया जाएगा। इस संबंध में एसपी सिटी सतपाल अंतिल ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर जनपद का फोर्स दो दिन के लिए रोका गया है, जिसे सोमवार को चुनाव के लिए रवाना कर दिया जाएगा।