सरसीना में गोशाला का निर्माण शुरू, एसडीएम ने किया शिलान्यास
देवबंद (सहारनपुर)। गोमाता के संरक्षण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की कड़ी में बुधवार को तलहेड़ी में सरसीना रोड पर गोशाला का निर्माण आरंभ कर दिया गया। इसका शिलान्यास एसडीएम ऋतु पूनिया द्वारा किया गया।
सड़कों पर घूम रहे आवारा गोवंश के संरक्षण के लिए सरकार ने प्रत्येक ब्लाक और गांव स्तर पर गोशालाएं खोलने का निर्णय लिया है। देवबंद तहसील में भी सरसीना और घलौली में गोशाला का निर्माण किया जाना है। इसकी शुरूआत बुधवार को सरसीना गांव से की गई। एसडीएम ऋतु पूनिया ने विधिवत हवन पूजन उपरांत गोशाला के निर्माण को शिलान्यास किया। इसके लिए ग्रामीणों द्वारा प्रशासन को जगह मुहैया करवाई गई। एसडीएम ने ग्रामीणों से सरसीना की गोशाला को आदर्श गोशाला बनाने का आह्वान किया। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वह गोशाला के निर्माण के लिए अधिक से अधिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएं। ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरा कराया जा सकें। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख चौधरी बिजेंद्र सिंह, चौधरी बख्तावर सिंह, संजील प्रधान, प्रीतम सिंह, अजय कुमार, श्यामवीर त्यागी, रिजवान अली, अनुज सैनी आदि मौजूद रहे।