पहाड़ों में बारिश से सोलानी नदी उफान पर
पुरकाजी। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश और उत्तराखंड से छोडे़ गए पानी से सोलानी नदी उफान पर आ गई है। ऐसे में पुरकाजी खादर क्षेत्र के कई गांवों के जंगलों व रास्तों पर पानी आ जाने के चलते बाढ़ के हालात बन गए हैं। ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है। रात में पानी गांव तक आने की संभावना को लेकर ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
रविवार रात उत्तराखंड से करीब छह हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। साथ ही पहाड़ों पर लगातार बारिश हो रही है, जिससे सोलानी नदी उफान पर आ गई है। सोमवार सुबह छोड़ा गया पानी पुरकाजी खादर क्षेत्र में पहुंच जाने से ग्राम रामनगर, अलमावाला, पांचली, रजगल्लापुर आदि गांवों के जंगलों में भर जाने से जंगल पूरी तरह जलमग्न हो गए। ग्रामीणों का जंगलों में जाना दुश्वार हो गया, जिससे पशुओं के लिए चारे आदि की समस्या आ गई है। कुछ गांवों के रास्तों पर पानी आ जाने से ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। उधर, रात में सोलानी नदी में करीब 20 हजार क्यूसेक पानी आने की जानकारी मिलने पर ग्रामीण बुरी तरह भयभीत हैं। इस संबंध में तहसीलदार रंजीत सिंह ने बताया कि रात में पानी आने की जानकारी मिली है, जिसकी जानकारी ग्रामीणों को देकर अपने जानवर ऊंचाई वाले क्षेत्र में ले जाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को हरसंभव मदद व सहयोग किया जाएगा। उधर, ग्रामीण राजू प्रजापति, मनीष कुमार, सरदार कांता सिंह, राजेंद्र सिंह, सतनाम, गुरुनाम सिंह, राजेश कुमार आदि का कहना है कि अगर 20 हजार क्यूसेक पानी आता है तो हालात विकट हो जाएंगे। ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।