ग्रामीण क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से मंसूरपुर के एकॉर्ड क्रिकेट एकेडमी में क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने फीता काटकर किया। एक महीने तक चलने वाली प्रतियोगिता में ग्रामीण क्षेत्रों की 80 टीमों को आमंत्रित किया गया है।
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि क्रिकेट एक लोकप्रिय खेल है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसकी काफी संभावनाएं हैं। आयोजक मोहम्मद अतीक और मोहम्मद वासिक ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छे खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना है। समय-समय पर खिलाड़ियों के मार्गदर्शन के लिए क्रिकेट विशेषज्ञों को भी बुलाया जाएगा। उद्घाटन मैच जानसठ की टीम और मंसूरपुर दरबार की टीम के बीच खेला गया। मंसूरपुर की टीम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 169 रन बनाएं। जानसठ की टीम टारगेट का पीछा करते हुए 147 रन पर आउट हो गई। मंसूरपुर के खिलाड़ी मोहम्मद मोहसिन को अच्छी बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। एंपायर की भूमिका मोहम्मद साजिद और मोहम्मद वासिफ ने निभाई।
इस अवसर पर ग्रामीण क्रिकेट एसोसिएशन की राष्ट्रीय सचिव मोहम्मद नसीम, जिला पंचायत सदस्य संजय राठी, मोहम्मद मुजस्सिम, जीनत, अशोक बालियान, भूपेंद्र प्रधान, पुष्पेंद्र चौधरी, फहीम प्रधान, मोहम्मद अरशद आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे। शुभारंभ अवसर पर पहुंचे भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व योगा शिक्षक मनोज कुमार ने कहा योग का खिलाड़ियों को मानसिक और शारीरिक रुप से स्वस्थ रखने में अहम योगदान है। सभी खिलाड़ियों को योग अवश्य ही करना चाहिए। योग से मन एकाग्र होता है। शाहपुर से पहुंची महिला कबड्डी कोच जीनत ने घोषणा की कि क्रिकेट प्रतियोगिता के बाद मंसूरपुर में महिला कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।