कॉलेज में हाजिरी की बाध्यता नहीं
मुजफ्फरनगर।
बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी देने वाले शिक्षकों को अपने कॉलेज में हाजिरी लगाने के लिए जाने की बाध्यता नहीं है। इस मामले को लेकर शिक्षकों ने आपत्ति जताई थी। शिकायत पर डीआईओएस ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है।
इन दिनों यूपी बोर्ड की परीक्षाएं चल रही हैं। जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षकों को तैनात किया गया है। अधिकांश कालेजों ने शिक्षकों को विद्यालय आकर हाजिरी देने के लिए कहा जा रहा है। इसको लेकर शिक्षकों में आक्रोश है। शिक्षकों का कहना है कि बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर सुबह परीक्षा से करीब एक घंटे पहले पहुंचना पड़ता है। ऐसे में विद्यालय नहीं पहुंचा जा सकता है। शिकायत आने पर डीआईओएस मुनेश कुमार ने साफ किया है जिन शिक्षकों की ड्यूटी परीक्षा में लगी है, उन्हें विद्यालय जाकर हाजिरी लगाने की जरूरत नहीं है। डीआईओएस ने इस संबंध में केंद्र व्यवस्थापकों को भी निर्देशित किया है।
700 से अधिक ने छोड़ी परीक्षा
मुजफ्फरनगर।
परीक्षा से मुंह मोड़ने का विद्यार्थियों का सिलसिला जारी है। सोमवार को हाईस्कूल वर्ग में क्षेत्रीय भाषाओं का पेपर था। जिसमें दर्जनों छात्रों ने परीक्षा में भाग नहीं लिया है। इसके अलावा सुबह की पाली में ही इंटरमीडिएट वर्ग में अंग्रेेजी का पेपर रहा। जिसमें 16071 छात्र- छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें से 15302 ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 769 ने पेपर नहीं दिया है। वहीं, कृषि विज्ञान इंटर में जनपद भर में 387 पंजीकृत में से 371 ने परीक्षा दी। जबकि 16 ने पेपर से दूरी बनाई। सोमवार को करीब 785 ने पेपर छोड़ा है। उधर, परीक्षा केंद्रों पर सचल दस्तों ने छापेमारी की है।