राज्य स्तरीय जूनियर बालक हैंडबाल प्रतियोगिता के फाइनल में मेरठ मंडल ने कानपुर मंडल को 35-27 से पराजित कर ट्रॉफी जीत ली। सेमीफाइनल में वाराणसी और गोरखपुर मंडल को हार का मुंह देखना पड़ा।
चौधरी चरण सिंह जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल निदेशालय एवं उत्तर प्रदेश हैंडबाल संघ के निर्देशन में आयोजित चार दिवसीय राज्य स्तरीय जूनियर बालक हैंडबाल प्रतियोगिता का रविवार को समापन हुआ। अंतिम दिन सेमीफाइनल, फाइनल मुकाबले हुए। पहला सेमी फाइनल मेरठ और वाराणसी के बीच खेला गया। इसमें मेरठ मंडल ने वाराणसी मंडल को 23-12 के अंतर से शिकस्त दी। दूसरे सेमीफाइनल में कानपुर मंडल ने गोरखपुर मंडल को 27-22 से हरा दिया। फाइनल मैच में मेरठ और कानपुर के खिलाड़ियों ने कड़ा संघर्ष किया। शानदार प्रदर्शन खेल का प्रदर्शन करते हुए मेरठ की टीम ने कानपुर को 35-27 से पराजित कर ट्रॉफी जीत ली। समापन समारोह में अतिथि उत्तर प्रदेश हैंडबाल संघ के प्रदेश महासचिव आनंदेश्वर पांडे ने विजेता एवं उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर डॉ अशोक गुप्ता सहारनपुर, शामली वन अधिकारी राकेश बालियान, ईश्वर पाल, भूपेंद्र, बीएसए चंद्रकेश यादव, उप क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव, धर्मेंद्र प्रताप, प्रवीण चौधरी आदि मौजूद रहे। संचालन जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार ने किया। प्रतियोगिता के मैचों में निर्णायक टीम में देवरिया से प्रेम प्रकाश सिंह, इलाहाबाद से गोविंद कुमार, गोरखपुर से नसीम अहमद, रेनूकूट से संदीप राय, अमर जीत सिंह, फैजाबाद से परमेंद्र सिंह, मऊ से संजीव सिंह और वाराणसी से जितेंद्र सिंह शामिल रहे।