हमला कर मोबाइल फोन छीना
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पर दर्ज कराई गई रिपोर्ट में मिमलाना रोड निवासी सरताज ने बताया कि दो माह पूर्व उसके पुत्र आसिफ ने शहाबुद्दीनपुर रोड निवासी शादाब से साइकिल किराए पर ली थी, जो जिला अस्पताल से चोरी हो गई थी। उसने 2000 रुपये शादाब को दे दिए थे। आरोप है कि अब वह किराये के छह हजार रुपये मांग रहा है। बुधवार को आरोपी ने उसके बेटे आसिफ को रोक लिया और मारपीट कर घायल कर उसका मोबाइल छीन लिया। पुलिस आरोपी की तलाश में लगी है।
महिलाओं समेत तीन की मौत
मुजफ्फरनगर। जिला अस्पताल में उपचार के लिए लाई गई विवाहिता सहित तीन की मौत हो गई। जनकपुरी निवासी विवाहिता को उसके परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल लाए थे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा रामपुरी व्यक्ति और रामलीला टिल्ला की महिला को भी परिजन उपचार के लिए अस्पताल लेकर आए थे, उन्हें भी डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इंकार करते हुए शवों को अपने साथ ले गए। इस संबंध में डॉक्टरों ने शहर कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी है।
एटीएम कार्ड बदलकर 32 हजार रुपये निकाले
मुजफ्फरनगर। बदमाशों ने एटीएम में रुपये निकालने आई महिला का कार्ड बदलकर 32 हजार रुपये निकाल लिए। बचन सिंह कालोनी निवासी शारदा एक बैंक के एटीएम में रुपये निकालने आई थी। जहां एक युवक ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। बाद में आरोपी ने उसके खाते से 32 हजार रुपये निकाल लिए।
गुजरात पुलिस का छापा
मुजफ्फरनगर। गुजरात के विजयापुर जिले के एसआई विजय रावल ने अपनी टीम के साथ यहां शहर में आए। बाद में शहर कोतवाली पुलिस के साथ कुछ आरोपियों की तलाश में छापे की कार्रवाई की, मगर आरोपी हाथ नहीं लग सके। रावल ने बताया कि कुछ लोग उनके थाने से धोखाधड़ी औ अमानत में खयानत के मामले में वांछित हैं।
महिला से चेन झपटी
मुजफ्फरनगर। नईमंडी क्षेत्र के लक्ष्मण विहार में बाइक सवार बदमाश किसी के घर का पता पूछने के बहाने एक महिला की गले से चेन झपट कर ले गए। इस संबंध में नईमंडी कोतवाली पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।