मुजफ्फरनगर। एक युवक ने कोचिंग सेंटर संचालक पर रंगदारी मांगने और न देने पर उस पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली के रामपुरी निवासी सुनील पुत्र बनारसीदास ने यह मुकदमा दर्ज कराया। बताया कि शेरपुर चुंगी स्थित कोचिंग सेंटर चलाने वाले इमलाख पुत्र इलियास मलिक ने उससे दो लाख रुपये रंगदारी मांगी। रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। आरोप है शनिवार सुबह वह नरेश के साथ शेरपुर जा रहा था। इसी दौरान आरोपी इमलाख ने अपने एक साथी के साथ मिलकर उस पर गोली चलाई, जिस पर उसने खेत में कूदकर जान बचाई। शोर मचाने और फायरिंग की आवाज सुनकर लोग मौके पर दौड़कर आए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रंगदारी मांगने और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।