कांवड़ियों की चलती बाइक में आग लगी
शाहपुर। गांव किनौनी के गेट पर देर रात डाक कांवड़ लेकर हरियाणा जा रहे कांवड़ियों की तेज गति से जा रही बाइक में आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग लगते ही उस पर सवार कांवड़िये कूदकर दूर हट गए। बाइक धू-धू कर जल उठी।
किनौनी गेट पर लगे कांवड़ सेवा शिविर के लोगों ने जलती बाइक पर मिट्टी और पानी डालकर आग को बुझाया, तब तक बाइक पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। बाइक पर सवार कांवड़िये हरियाणा झज्झर के बताए जाते हैं, जो जलती बाइक को छोड़कर चले गए। कांवड़ियों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई। बाइक में आग लगने से उसकी टंकी फटने की दहशत के चलते लोग दूर से ही आग बुझा रहे थे। तेज रफ्तार से दौड़ रही कांवड़िये की बाइक में लगी आग की सूचना पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पर काबू पा लिया गया था। कांवड़िये जलती बाइक को छोड़कर आगे निकल गए। सूचना पर पहुंचे शाहपुर थाने की हरसौली चौकी प्रभारी ने जली हुई बाइक को रास्ते से हटवाया।