खतौली के गांव तिगाई में बिजली के तारों से निकली चिंगारी से किसानों की करीब 70 बीघा गन्ना और गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। आग के विकराल रूप को देखकर ग्रामीणों ने सूचना देकर फायरब्रिगेड की गाड़ी को बुलवाया। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से बामुश्किल आग पर काबू पाया।
तिगाई के जंगल में तेज हवा चलने से खेतों के ऊपर गुजर रही हाइटेंशन लाइन के तारों के आपस में मिलने से निकली चिंगारी से फसल में आग लग गई। हवा की वजह से जंगल में आग तेजी से फैल गई। आग लगने की खबर लगने पर ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने फोन करके फायरब्रिगेड की गाड़ी को बुलवाया।
मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से जंगल में लगी आग को बामुश्किल बुझाकर काबू में किया। आग से किसान राजपाल की गन्ने की तीन बीघा फसल, राजसिंह की चार बीघा, राजेंद्र की तीन बीघा और पवन की गेहूं की 14 बीघा फसल, राजू की तीन बीघा गेहूं, रविंद्र की तीन बीघा गेहूं, नितिन व प्रवीण की दो दो बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई थी।
इसके अलावा बुढ़ाना रोड पर बिजलीघर में अचानक आग लगने से एलाइटिंग अरजेस्टर फुंक गया। जिससे बिजलीघर के पीछे स्थित किसान रमेश के दस बीघा गन्ना और पांच बीघा गेहूं की फसल, टीटू की 10 बीघा व विजय की पांच बीघा गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो गई। यहां पर भी दमकल कर्मियों ने बामुश्किल आग को बुझाया। किसानों की करीब 70 बीघा गन्ना और गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।