जिले में 63 लोग स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में
मुजफ्फरनगर/खतौली। कोरोना वायरस को लेकर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट है। इससे बचाव की पूरी तैयारी की गई है। विदेश से लौटने वालों पर स्वास्थ्य विभाग पैनी नजर रखे हुए है। खतौली में पांच लोग विदेश से लौट कर आए हैं। अब 63 लोग स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में है, जिन्हें एकांतवास में रखा गया है।
जिले में विदेश से लौटने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। खतौली में भी एक महिला समेत पांच लोग विदेश से लौट कर आए हैं, जिनमें से एक नोएडा चला गया, जबकि तीन को स्वास्थ्य विभाग ने ट्रेस कर लिया है। इन लोगों की सेहत की जांच की गई। सभी स्वस्थ हैं। फिर भी ये लोग स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में हैं। एक व्यक्ति की तलाश की जा रही है। उधर, अब जनपद में विदेश से लौटने वालों की संख्या 125 से अधिक हो गई है। हालांकि ये सभी लोग विदेश से स्वदेश लौटने पर अपनी सभी जांच करा चुके हैं। फिर भी डब्ल्यूएचओ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग इनकी निगरानी कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि जिले में शासन के आदेश पर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। सभी लोगों को स्वयं भी अपने सेहत को लेकर सतर्क रहना चाहिए। साथ ही आसपास के लोगों को भी कोराना से बचाव के प्रति जागरूक करें।
इन्होंने कहा...
जिले में कोई भी इस वायरस से पीड़ित नहीं मिला है। विदेश लौटने वालों की संख्या बढ़ रही है। अब जिले में 63 लोग स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में है, जिन्हें 14 दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा।
- डॉ पीके चोपड़ा
सीएमओ