योगाभ्यास प्रतियोगिता में पूर्व माध्यमिक विद्यालय फतेहपुर के छात्र प्रथम
देवबंद (सहारनपुर)। प्राथमिक विद्यालय गुनारसा में शुक्रवार को परिषदीय स्कूलों की प्रथम योगाभ्यास प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें छात्रों को तनावमुक्त रहने के लिए योग अपनाने की सलाह दी गई।
योगाचार्य सुरेंद्रपाल सिंह और भुवनेश प्रसाद पुरोहित ने कहा कि योग मनुष्य जीवन के लिए अति महत्वपूर्ण है। इसको नियमित रूप से करने पर हमें निरोग और स्वस्थ जीवन व्यतीत करने को मिलता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अधिकतर लोग दवाओं पर आधारित हैं। यदि वह नियमित रूप से योग अपनाएं तो तनावमुक्त रह सकते हैं। प्रतियोगिता के बालक वर्ग में पूर्व माध्यमिक विद्यालय दिवालहेड़ी का सागर प्रथम, पूर्व माध्यमिक विद्यालय फतेहपुर का अश्वनी द्वितीय तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय घलौली का शेखर तृतीय स्थान पर रहे। जबकि बालिका वर्ग में पूर्व माध्यमिक विद्यालय दिवालहेड़ी की अंजली प्रथम तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय फतेहपुर की हिमांशी व रिशु द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे। छात्रों ने विभिन्न प्रकार के आसनों का प्रदर्शन भी किया। विजयी छात्र जनपद स्तर पर आयोजित होने वाली योगाभ्यास प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। इस मौके पर दीपक त्यागी, योगेंद्र मलिक, प्रभात सिंह, मायावती, अहसान अहमद, राकेश उपाध्याय, जसपिंद्र आर्य, रितु रानी, वीर बहादुर, अरुण त्यागी, अमित जोशी, ओमवीर और अनीता राठी आदि मौजूद रहे।