सरकारी नलकूप को तोड़ने से सभासदों में रोष
मोरना। नगर पंचायत की ओर से बिना किसी अनुमति के गैर कानूनी रूप से सरकारी नलकूप को तोड़ने तथा उसका मलबा बराबर में स्थित तालाब में डालने को लेकर सभासदों ने रोष व्याप्त है। सभासदों ने डीएम से शिकायत की है। थाना भोपा पुलिस को तहरीर देकर ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
नगर पंचायत भोकरहेड़ी के सभासदों ने डीएम को शिकायत करते हुए बताया कि कस्बा स्थित इंटर कालेज के सामने सरकारी नलकूप को तोड़कर उसका मलबा बराबर में स्थित तालाब में डाला जा रहा है। बिना किसी अनुमति के तालाब को समाप्त किया जा रहा है। जबकि कस्बे में जलभराव की समस्या है। ठेकेदार से जानकारी करने पर बताया गया कि उक्त जगह पर गोशाला का निर्माण प्रस्तावित है। गोशाला के निर्माण आदि को लेकर निकाय बोर्ड में कोई प्रस्ताव आदि नहीं पारित किया गया है। सभासदों ने प्रशासन पर मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उक्त जगह क्षेत्रफल की दृष्टि से कम है तथा भूमि की नोईयत नलकूप व तालाब की है। फिर किस प्रकार उक्त जगह में गोशाला का निर्माण कराया जा सकता है। गोशाला के लिए नगर पंचायत अलग से भूमि खरीदकर व्यवस्था करें। सभासदों ने हंगामा कर नलकूप तोड़ने के कार्य को बंद करा दिया तथा सरकारी निर्माण तोड़ने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी है। वहीं, सभासदों ने भोपा पुलिस को तहरीर देकर ठेकेदार पर अभद्रता करने के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। इस अवसर पर सभासद राजीव कुमार, दीपक कुमार, जोगेंद्र, शमशाद, अहसान, पुष्पा देवी, उमा देवी, लक्ष्मी, नाजिमा, रामबीर सिंह, प्रवीण, अमित कुमार, निखिल सहरावत, विनोद कुमार, आजाद आदि उपस्थित रहे।