भाकियू कार्यकर्ताओं ने शराब ठेका में तालाबंदी की
मोरना। कस्बा भोकरहेड़ी में बस स्टैंड व इंटर कालेज तथा सरकारी अस्पताल के पास से शराब का ठेका हटवाने की मांग को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने शराब के ठेका के बाहर धरना प्रदर्शन करते हुए तालाबंदी कर दी।
भोकरहेड़ी में इंटर कालेज के पास बस स्टैंड के निकट अंग्रेजी व देशी शराब का ठेका खुला हुआ है। इन शराब के ठेके की वजह से बस स्टैंड पर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। स्कूल कालेज आने जाने वाली छात्राओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अस्पताल में आने वाली महिला मरीजों को देखकर शराबी अश्लील फब्तियां कसते रहते हैं। नगरवासी काफी समय से शराब के ठेके यहां से हटाए जाने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन आज तक प्रशासन की ओर से कोई संतोषजनक पहल नहीं की गई। सोमवार को भाकियू के नवीन चौधरी, उदेश पाल, रामवीर सिंह, राकेश, सचिन, बोबी, नरेश पाल, वेदपाल सिंह, ईशा, अंबू, सोनू आदि कई दर्जन कार्यकर्ता बस स्टैंड पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने शराब के ठेेके बंद करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने ठेकों की तालाबंदी भी कर दी। सूचना पर एसडीएम जानसठ विजय कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने दो सप्ताह के भीतर ठेके हटवाने का आश्वासन देकर कार्यकर्ताओं को शांत किया।