भाकियू का बिजलीघर पर हंगामा
छपार। भीषण गर्मी में विद्युत कटौती से परेशान भाकियू कार्यकर्ताओं ने बरला बिजलीघर का घेराव कर जेई को धूप में बैठा लिया। घंटों चले हंगामे के बाद जेई द्वारा विद्युत कटौती न होने के आश्वासन पर ही कार्यकर्ता शांत हुए।
बरला में स्थित बिजलीघर क्षेत्र के गांव छपार, बरला, कुतुबपुर, भैसानी, रेत्तानगला, ताजपुर, छपरा आदि गांवों में विद्युत आपूर्ति होती है। दो सप्ताह से हो रही भीषण गर्मी में विद्युत विभाग के द्वारा बिजली में जमकर कटौती की जा रही है। जिससे क्षेत्रवासियों का बुरा हाल हो रहा है। बुधवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने बरला बिजलीघर का घेराव कर कटौती न करने की मांग करते हुए हंगामा किया। बिजलीघर पर मौजूद जेई जालंधर सिंह को धूप में बैठा लिया। विद्युत कर्मचारियों पर घंटों कटौती करने का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। घंटों चले हंगामे के बाद जेई जालंधर सिंह के द्वारा कटौती न करने के आश्वासन पर ही कार्यकर्ता शांत हुए। इस दौरान मुख्य रूप से अजय त्यागी, मांगेराम त्यागी, आशीष शर्मा, शुभम त्यागी, अनिल त्यागी, ऋषि भैसानी, डिम्पी, घीसू आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।