फुगाना के प्रधान ने जिले का नाम किया रोशन
बुढ़ाना। फु्गाना गांव के प्रधान जितेंद्र मलिक को दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिरण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुरस्कार लेकर अपने गांव लौटे प्रधान का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया।
ग्राम पंचायत फुगाना को जनपद मुजफ्फरनगर में गांव में सफाई एंव विकास कार्यों के कारण पहला स्थान मिला है। फुगाना गांव के प्रधान जितेंद्र मलिक को मंगलवार को मध्य प्रदेश के मंडला में प्रधानमंत्री की जनसभा में एक कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि प्रधान द्वारा गांव में किए गए कार्यों ने पूरे जनपद को गौरवान्वित किया है। उन्हें अपने गांव पर नाज है। ग्राम प्रधान जितेंद्र मलिक ने कहा कि यह सम्मान उन्हें गांव वालों के सहयोग से ही प्राप्त हुआ है। पुरस्कार लेकर बृहस्पतिवार को ग्राम प्रधान अपने गांव में वापस आए, तो गांव वालों ने उनका जोरदार स्वागत किया। ग्राम प्रधान ने भी पुरस्कार को पूरे गांव की धरोहर बताया। इस मौके पर सेवानिवृत्त जिला वन अधिकारी ओमप्रकाश मलिक, मुकेश मलिक, सुकरमपाल मलिक, सुरेशपाल, ओमपाल सहित फुगाना व आसपास के ग्रामीण मौजूद रहे।